सरायकेला : राजनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार को मधुमक्खियों ने बुरी तरह डंस कर जख्मी कर दिया है. फिलहाल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उनका इलाज चल रहा है. यह घटना उस समय घटी जब वे हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर जाम में बैठे लोगों से बात करने पहुंचे थे. दरअसल लकड़ाकोचा में बीती शाम 5 बजे के करीब एक स्टोन डस्ट लदा हाइवा पलट गया, जिसकी चपेट में आने से गोरा सामड नामक एक 18 वर्षीय नवयुवक जख्मी हो गया. इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई. इसके बाद उसके परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना पाकर प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने की कोशिश कर रही थी, इसी दौरान निकट के एक पेड़ में मौजूद मधुमक्खियों का छत्ता किसी ने छेड़ दिया. इसके बाद मधुमक्खियों ने एकाएक प्रखंड विकास पदाधिकारी पर हमला बोल दिया. वे स्थिति संभाल पाते इससे पहले ही दर्जनों मधुमक्खियों ने उन्हें डंक मार कर जख्मी कर दिया. थाना प्रभारी के ड्राइवर ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे. इसके बाद एक सूखी डाल में आग जलाकर उसके धुएं से मधुमक्खियों को भगाया गया. इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.




