सरायकेला : सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसके कारण इलाके में भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. जानकारी के अनुसार, सरायकेला बाजार से महज दो किलोमीटर की दूरी पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया. हादसा सुबह करीब 4:00 बजे भाजपा कार्यालय के समीप हुआ. बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर अचानक फट जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद ट्रक सीधे पेड़ से जा टकराया. दुर्घटना के दौरान एक यात्री बस भी उसी मार्ग से गुजर रही थी, जो बाल-बाल बच गयी. इस घटना से एक बड़ा हादसा टल गया. (नीचे भी पढ़ें)
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक सड़क के बीचों-बीच फंस गया, जिससे पूरी सड़क अवरुद्ध हो गयी है. इसके कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, जाम की लंबाई करीब 6 किलोमीटर तक पहुंच चुकी है, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को हटाने का प्रयास शुरू कर दिया गया है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक जाम पूरी तरह से नहीं हटाया जा सका है. लगातार जाम के कारण टाटा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है, जहां यातायात धीमा पड़ गया है.
प्रशासन द्वारा स्थिति को सामान्य करने के लिए वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट करने की भी तैयारी की जा रही है. स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द जाम हटाने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारू रूप से बहाल हो सके.














