
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना परिसर के मेन गेट के ठीक सामने संपत्ति विवाद को लेकर दो व्यवसायियों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें गम्हरिया निवासी सुनील कुमार केडिया उर्फ जॉनी का सर फट गया. बताया जाता है कि कुछ वर्ष पूर्व सुनील केडिया ने कांड्रा थाना परिसर के मुख्य गेट के सामने स्थित एक संपत्ति खरीदी थी, जिसको लेकर उनका पड़ोस में रहने वाले गल्ला व्यापारी विपद भंजन लायक और उनके भाई दयाल लायक के साथ विवाद चल रहा था. इसको लेकर पूर्व से ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी की कई घटनाएं घट चुकी हैं. वहीं शनिवार शाम किसी बात को लेकर दोनों पक्ष फिर से भिड़ गए. उनके बीच जमकर लात- घूंसे और लाठी-डंडे चले. मारपीट में सुनील केडिया का जहां सिर फट गया, वहीं लायक बंधुओं को भी चोटें आयीं हैं. उधर घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव किया और अपने साथ थाना ले आयी. जहां से बाद में तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गम्हरिया भेज दिया गया. सुनील केडिया का कांड्रा में एक पेट्रोल पंप भी है. समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी चल रही थी.






