
सरायकेला : सरायकेला जिले के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र कुचाई थाना क्षेत्र में देर रात हथियारबंद अज्ञात अपराधियों ने बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे गांदु दिरी के 30 वर्षीय दुर्गा सिंह मुंडा नामक युवक को निशाना बनाते हुए पीछे से कंधे और हाथ में दो गोली मार दी. इधर रात तकरीबन 12 बजे घायल को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया. जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया है. घटनाक्रम के अनुसार, दुर्गा सिंह मुंडा देर रात कुचाई थाना क्षेत्र के तरंदा अपने दोस्त के घर पैसे देने पहुंचा था. इसके बाद वो अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान कुचाई थाना क्षेत्र के पांडूवा गांव के पास मुख्य सड़क पर हथियारबंद लोगों ने उसे जबरन रोकने की कोशिश की. बाइक सवार युवक जब नहीं रुका तो हथियारबंद अपराधियों ने पीछे से उसे दो गोली मार दी, जो युवक के हाथ और कंधे में जा लगी. इस बीच बाइक सवार युवक गोली लगने के बावजूद बाइक चलाते हुए कुचाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जा पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने एक गोली निकाल दी और दूसरी गोली उसके कंधे में फंसी रही, जो नहीं निकली. इसके बाद इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने घायल अवस्था में दुर्गा सिंह मुंडा को सदर अस्पताल में भर्ती कराया. वहां से युवक को जमशेदपुर भेज दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पैसा पहुंचाने गया था दोस्त के घर
घटना के संबंध में घायल युवक के भाई नारायण सिंह मुंडा ने बताया कि उसका भाई दुर्गा सिंह मुंडा मैंगलोर में काम करता है और इन दिनों छुट्टियों में घर आया था. इसी क्रम में वह बुधवार शाम घर से तरंदा अपने मित्र के घर पैसा पहुंचाने गया था और वापस लौटने के क्रम में अज्ञात अपराधियों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया. कुचाई थाना प्रभारी अर्जुन उंराव ने बताया कि मामला नक्सली है या आपसी दुश्मनी का है पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है. जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.




