
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल के कपाली ओपी अंतर्गत शनिवार की देर रात कपाली बस्ती में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक रूप धारण कर लिया. देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव की घटना हुई. सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला. मामला तब शुरू हुआ जब एक युवक ने पूजा स्थल की जमीन पर अपना दावा किया. (नीचे देखे पूरी खबर)

एक महिला ने बताया कि पड़ोस के रहने वाले लादेन महतो की जमीन पर वर्षों से गणेश भगवान और वीर बजरंगबली की पूजा होती आ रही है. कुछ दिनों पूर्व लादेन महतो ने बस्तीवासियों को मंदिर निर्माण के लिए जमीन दान देने की बात कही थी. लेकिन शनिवार को कुछ युवक वहां पहुंचे और कहा कि यह जमीन उन्होंने खरीदी है, इस पर उनका अधिकार है. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया. इस दौरान कई दोपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे लोगों को भारी नुकसान हुआ. फिलहाल हिंसा में शामिल लोगों को चिन्हित कर पुलिस छापेमारी में जुटी है. बस्ती में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और माहौल शांत है.




