
सरायकेला : सरायकेला बार भवन में सोमवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के आगामी चुनाव को लेकर चुनाव समिति की बैठक हुई. चुनाव समिति के रिटर्निंग ऑफिसर जलेश कवि की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में झारखंड स्टेट बार काउंसिल द्वारा प्राप्त सत्यापित मतदाता सूची पर विचार विमर्श किया गया. इस संबंध में बताया गया कि डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन द्वारा 212 अधिवक्ताओं की सूची बनाकर झारखंड स्टेट बार काउंसिल को वेरिफिकेशन के लिए भेजा गया था, जिसमें से स्टेट बार कौंसिल द्वारा 162 अधिवक्ताओं के वोटिंग करने की सूची प्राप्त हुई है. शेष अधिवक्ताओं को विशेष त्रुटि के कारण वोटिंग लिस्ट से बाहर रखा गया है. इसमें झारखंड स्टेट बार काउंसिल द्वारा निर्देश दिया गया है कि सत्यापित सूची में यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि हो तो रिलेटेड एविडेंस के साथ चुनाव समिति के माध्यम से काउंसिल को आवेदन दिया जा सकता है. काउंसिल के मॉडल रूल के आधार पर यदि आवेदन सही पाया जाता है, तो सत्यापन के बाद सुधार सूची चुनाव समिति को भेज दिया जाएगा. जिसके आलोक में रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा कहा गया, कि प्राप्त मतदाता सूची को डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन के नोटिस बोर्ड पर चिपका दिया गया है, और त्रुटि को सुधारने के लिए आगामी 14 अप्रैल तक एविडेंस के साथ आवेदन देने के लिए निर्देशित किया गया है. इसके साथ ही डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन का चुनाव अप्रैल महीने की अंतिम सप्ताह में करवाने पर विचार विमर्श भी किया गया. जिसको लेकर निर्णय लिया गया, कि झारखंड स्टेट बर काउंसिल और उनके द्वारा प्राधिकृत ऑब्जर्वर से विचार विमर्श के बाद ही चुनाव की तिथि घोषित की जाएगी. बैठक में चुनाव समिति के सदस्य अधिवक्ता राम गोविंद मिश्रा, प्रणव प्रताप सिंहदेव, अजीत कुमार दास एवं पार्थ सारथी दास मौजूद रहे.




