आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिला के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत डोबो पुल के नामकरण का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार को भगवान बिरसा मुंडा के समर्थक उक्त स्थल पर पहुंचे और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को स्थापित कर मांदर की थाप पर जमकर पारंपरिक नृत्य किया, इस दौरान शहीद रघुनाथ महतो के समर्थक सामने नहीं आए.(नीचे भी पढ़े)

पिछले दिनों अमर शहीद रघुनाथ महतो के समर्थकों ने धरती आबा भगवान बिरसा की प्रतिमा को हटाकर वहां चुआड़ विद्रोह के नायक शहीद रघुनाथ महतो की प्रतिमा स्थापित कर दी थी. जिसको लेकर भगवान बिरसा मुंडा के अनुयाई और शहीद रघुनाथ महतो के समर्थक आमने- सामने आ गए थे. काफी हो हंगामा के बाद प्रशासन ने किसी तरह मामले को शांत कराया.(नीचे भी पढ़े)
इधर रविवार को आदिवासी समुदाय के लोग पारंपरिक हरवे- हथियार से लैस होकर उक्त स्थल पर पहुंचे और विधि- विधान के साथ धरती आबा भगवान बिरसा की प्रतिमा स्थापित की उसके बाद मांदर की थाप पर बीच सड़क पर पारंपरिक नृत्य किया. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि शहीद रघुनाथ महतो के समर्थकों का अगला रूख क्या होता है.











