
सरायकेला : सरायकेला जिला के कांड्रा थाना अंतर्गत हुदू पंचायत के मनोहरपुर गांव में हाथी ने एक युवक को पटक कर घायल कर दिया. सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और हाथी को भगाकर युवक को इलाज के लिए एमजीएस अस्पताल भेजवाया. बताया जा रहा है कि युवक सोम हांसदा अपने बागान में लगे सब्जी की फसल को देखने पहुंचा था जहां मूली उखाड़ने के क्रम में जंगली हाथी की चपेट में आ गया. हाथी सूंढ़ से उठाकर युवक को पटखनी देने लगा. उधर ग्रामीणों ने जैसे ही युवक को हाथी की चपेट में देखा कि सभी के होश उड़ गए. आनन फानन में ग्रामीणों ने वन विभाग और झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राम हांसदा को इसकी जानकारी दी. सभी ने मिलकर किसी तरह युवक को हाथी के चंगुल से निकाला और एमजीएम अस्पताल भेजवाया. युवक खेती-बाड़ी कर अपना और अपने परिवार का गुजारा करता है. परिजनों ने वन विभाग से पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.






