
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर के सहारा गार्डेन सिटी में छह बाहरी लोगों को देखकर स्थानीय लोग भड़क गये. कोरोना वायरस के खतरे को देखते हुए सारे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. हंगामा इतना हो गया कि मामले को संभालने के लिए पुलिस को मोरचा लेना पड़ा. काफी हंगामा के बाद पुलिस ने सभी छह को होम क्वारंटाइन में भेज दिया, जहां 14 दिनों तक नहीं निकलने को कहा गया है.
उनका कोरोना वायरस का टेस्ट भी कराया जायेगा. आदित्यपुर थाना क्षेत्र के इच्छापुर बस्ती के समीप स्थित सहारा गार्डेन सिटी में एक कंपनी द्वारा मकान भाड़े पर लिया गया है. उक्त मकान में बाहर से लोगों को रखा गया है. इसके बाद लोगों ने सहारा गार्डेन सिटी में हंगामा करने लगे. लोगों की मांग थी कि हर हाल ममें आदित्यपुर के सहारा गार्डेन सिटी में बाहरियों को बाहर निकाला जायेगा क्योंकि कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने का खतरा है और अभी बीच में उन सारे लोगों को लाकर रखा गया है.
बताया जाता है कि हाउसिंग कांप्लेक्स में कॉमर्शियल उपयोग किया जा रहा है, जो पूरी तरह से गलत है. इस तरह की गलत प्रक्रिया का विरोध लोगों ने किया. मामले की जानकारी पाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम के साथ पुलिस की टीम भी पहुंची. पुलिस और प्रशासन ने सारे लोगों को क्वारंटाइन में भेज दिया, जिसके बाद मामला शांत हो पाया.
लोगों ने बताया कि उन सारे लोगों का ट्रैवल हिस्ट्री भी है. लोगों ने इसकी शिकायत की, जिसके बाद सबका मेडिकल टेस्ट भी कराया जा रहा है ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच की जा सके. इसको लेकर लोगों में काफी सजगता दिखी. वैसे इस तरह के मामले को लेकर हर जगह ऐसी घटनाएं हो रही है क्योंकि लोग काफी डरे हुए है.















