
सरायकेला : लॉकडाउन की अवधि में सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध के ग्राफ में गिरावट आई है. जहां बीते 15 दिनों में पूरे जिले में केवल 25 मामले लॉक डाउन तोड़ने के सामने आए हैं, इसमें 14 लोगों के जेल भी भेजा गया है. यह जानकारी सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी एस कार्तिक ने आदित्यपुर में दी. वे लॉक डाउन की रूटीन समीक्षा करने आए थे. उन्होंने कहा कि लॉक डाउन का सख्ती से पालन हो रहा है. जिले में 14 जगहों पर चेकिंग प्वाइंट्स बनाए गए है जहां 24 घण्टे सभी वाहनों की सघन जांच जारी है. उन्होंने बताया कि आम लोगों को परेशानी ना हो इसके लिए पूरे जिले में 125 सीएम दीदी किचन और प्रत्येक थाना क्षेत्र में सामुदायिक किचन दाल भात केंद्र की तरह संचालित हो रहे हैं. वहीं एसपी ने बताया कि किसी भी जरूरतमंदों को किसी प्रकार की परेशानी हो तो वे जिले के कंट्रोल रूम नंबर 9431706533 और 97983024 पर सहयोग मांग सकते हैं. इसके अलावा देव दूत की तरह महामारी में घर परिवार छोड़ कर ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों के लिए भी सारी व्यवस्था पुलिस प्रशासन द्वारा दिए जाने की बात एसपी ने कही. उन्होंने जिले वासियों से अपील करते हुए कहा कि राज्य में कोरोना वायसर का संक्रमण तीसरे स्टेज में प्रवेश कर चुका है, ऐसे में लॉक डाउन का पूर्णतः पालन करें और राज्य एवं देशवासियों को महामारी से बचाने में सहयोग करें.






