जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई.मृतक की पहचान श्यामनगर निवासी 56 वर्षीय सुबोध प्रमाणिक के रूप में हुई है.मिली जानकारी के अनुसार, सुबोध प्रमाणिक शनिवार सुबह करीब छह बजे साइकिल से आदरडीह की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. (नीचे भी पढ़े)
घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नीमडीह ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है.वहीं, दुर्घटना के बाद फरार वाहन की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है.इस दुखद घटना के बाद श्यामनगर एवं आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है.







