गम्हरिया : सरायकेला जिले में शनिवार को शार्प भारत की खबर का असर देखने को मिला, जहां चालान की आड़ में अवैध रूप से ओवरलोडेड बालू का परिवहन धड़ल्ले से किए जाने की खबर पर संज्ञान लेते हुए डीटीओ ने कांड्रा थाना अंतर्गत पिंड्राबेड़ा से अल्ट्राटेक सीमेंट कंक्रीट प्लांट के समीप तीन बालू लदे हाइवा को पकड़ा. इन हाइवा में क्षमता से अधिक बालू लोड था. इसके बाद तीनों वाहनों को जब्त कर गम्हरिया थाना के सुपुर्द कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि इन दिनों तेजी से फल फूल रहे अवैध बालू के अवैध कारोबार और ओवरलोडेड वाहनों को लेकर शार्प भारत ने शुक्रवार को खबर प्रकाशित किया था. इसके बाद जिला प्रशासन के साथ- साथ परिवहन विभाग के पदाधिकारी ने शनिवार से सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है. इससे अवैध बालू के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. हमने बताया था कि कैसे क्षमता से अधिक बालू लोड कर गाड़ियां सड़कों पर फ़र्राटा भर रही हैं. जबकि नियमानुसार हाइवा में 400 सीएफटी से ज्यादा बालू लोड नहीं करना है, लेकिन सारे नियम कायदे को धत्ता बता कर बालू कारोबार से जुड़े लोग 700 से 800 सीएफटी बालू लोड कर उसके ऊपर तिरपाल या प्लास्टिक ढंक देते हैं, ताकि लोगों की नजर ना पड़ सके.




