सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिला के ईचागढ़ थाना पुलिस ने बीते 29 सितंबर को बैंक मित्र से हुई तीन लाख रुपये की लूटकांड का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है. पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों में अमित कुमार महतो, कमलेश महतो, ज्योतिलाल महतो उर्फ ज्योति, राजेश नामता, संजय दास और अभिराम कुम्हार शामिल हैं. पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 11,900 रुपये नकद, एक देशी पिस्तौल, चार जिंदा गोली, आठ मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया. इसकी जानकारी बुधवार को चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद बिन्हा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि मामले के वादी फालगुनी गोप, ग्राम आगशिया निवासी हैं और बैंक ऑफ इंडिया चौका शाखा के बैंक मित्र के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने बताया कि 29 सितंबर की शाम वे बैंक से तीन लाख रुपये निकालकर आगशिया लौट रहे थे, तभी ग्राम बासाहातु के पास तीन अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल को धक्का मारकर रोक लिया और उनके सहयोगी दुर्गा उरांव के सिर पर वार कर रुपये लूट लिए. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम में पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल कुमार, विश्वजीत तिवारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से कई का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. ज्योतिलाल महतो, राजेश नामता और संजय दास पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. एसडीपीओ ने कहा कि शेष लूटी गई राशि की बरामदगी और अन्य संलिप्त अपराधियों की तलाश जारी है.















