
सरायकेला : सरायकेला खरसावां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को एक देसी कट्टा, एक 3.5 बोर खोखा और चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बताया जाता है कि सरायकेला एसपी को कपाली क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ दो संदिग्ध युवकों के घूमने की सूचना मिली, जिसके बाद एसपी के निर्देश पर टीम का गठन कर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया.

इसी दौरान कपाली के पास पुलिस चेकिंग को देख दो बाइक सवार पल्सर मोटरसाइकिल से भागने लगे जिसका पीछा कर पुलिस ने दोनों को पकड़ा. वही तलाशी लेने के क्रम में इनके पास से एक देशी कट्टा, एक 3.5 बोर का खोखा बरामद किया गया. गिरफ्तार युवक के पास से जो मोटरसाइकिल बरामद हुई है वह 3 मार्च 2020 को जमशेदपुर के जुबिली पार्क के समीप से चोरी की गई थी. वहीं गिरफ्तार दोनों युवकों ने पुलिस के सामने स्वीकार करते हुए बताया कि उनके द्वारा चोरी की गई एक अन्य मोटरसाइकिल कोडरमा में बेचा गया है, जिसे सरायकेला पुलिस ने कोडरमा पुलिस के सहयोग से बरामद कर लिया है. गिरफ्तार युवक का नाम आकाश कुमार बताया जा रहा है, जबकि एक अन्य युवक नाबालिग है.






