
राजनगर : सरायकेला-खरसावां जिला के सामुदायिक स्वास्थ केंद्र राजनगर में शुक्रवार को प्रखंड की सभी सहियाओं की एचबीवाईसी (HBYC) की ऑनलाइन परीक्षा ली गई। इसमें 25 सवाल पूछे गए। सहियाओं ने मोबाइल के माध्यम से परीक्षा पूर्ण कर ली। वहीं परीक्षा उपरांत उपस्थित सभी सेविकाओं के बीच शिशु उपकरण किट का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर डॉक्टर मनोरमा सिद्धेश, शिव वचन सहाय, बीटीटी भोतन मार्डी, छोटाई मार्डी, स्वाति हेम्ब्रम, 14 सहिया साथी एवं कई सहियाएं उपस्थित थी। बता दें कि कुल 265 शिशु उपकरण किट दिया जाना है, जिसमें शुक्रवार को कुल 145 सहियाओं को शिशु किट दिया गया। बाकी जो सहिया शुक्रवार को नही पहुंच पाईं उन्हें अगले दिन किट दे दिया जाएगा। इसी दौरान बीटीटी छोटाई मार्डी ने शिशु किट के उपयोग से सम्बंधित सहियाओं को विस्तार पूर्वक जानकारी दी। डॉक्टर मनोरमा सिद्धेश ने उपस्थित सहियाओं के बीच शिशु किट वितरण किया। उन्होंने कहा इस किट के जरिये 3 माह से 6 माह के शिशुओं का विकास हो रहा है कि नही इसकी आसानी से जांच हो सकती है। बच्चा, बोल या सुन पा रहा है कि नहीं, इस किट के जरिए आसानी से पता लगाया जा सकता है और सहियाओं को भी अपना कार्य करने में सहूलियत होगी।





