सरायकेला: शनिवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम सरायकेला में सरायकेला श्याम मित्र मंडली के द्वारा आयोजित श्याम महोत्सव के अवसर पर भजन संध्या का आयोजन किया गया. श्याम के दीवाने भक्तों ने श्याम दरबार में छप्पन भोग लगाया. भजन संध्या के दौरान इत्र व पुष्प की वर्षा की गयी. भजन संध्या में राकेश मिश्रा कोलकाता, संजू शर्मा कोलकाता, प्रमोद त्रिपाठी जयपुर, अनुभव अग्रवाल टाटानगर ने अपने भजनों पर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया. मुझे अपने ही रंग में रंग ले मेरे यार सांवरे…,’ ‘ हारे का सहारा श्याम बाबा हमारा…,’ ‘ इतनी कृपा सांवरे बनाए रखना…,’ ‘ बाबा की कृपा है मेरी हार नहीं होगी…, ‘मेरे सर पर रख दो बाबा अपने दोनों हाथ…’ जैसे भक्तिपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी. श्री श्याम प्रभु खाटू वाले का महोत्सव में भक्तिगीतों से अध्यात्म का संचार हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

बाबा का भव्य दरबार सजा और अलौकिक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया. मंच के सदस्यों ने बारी-बारी से दरबार में लगे ज्योत का दर्शन किया. पूजा अर्चना की गई. क्या बड़े, क्या बच्चे, सभी ने बाबा का दर्शन किया. महिलाओं ने भी श्री श्याम के दरबार में मत्था टेका. परिवार तथा क्षेत्र के सुख समृद्धि के लिए सदस्यों ने कामना की. कलाकारों ने भक्ति सुरों की तान छेड़ी तो श्रद्धालु मुग्ध हो गए. मधुर भक्ति गीतों पर आनंदित होते हुए कई श्रद्धालु अपने स्थान पर खड़े होकर नृत्य करने लगे. उन्होंने बाबा के भव्य स्वरूप को मधुर भक्ति गीतों में पिरोकर व्याख्यान किया. (नीचे भी पढ़ें)

भजन गायकों ने सरायकेला कलानगरी की धरती को पावन तथा पवित्र बताया और भजन के माध्यम से ये संदेश दिया जिस पर कृपा श्याम की, उसका बेड़ा पार. वहीं गायक प्रमोद त्रिपाठी ने मधुर भजन गाकर श्याम बाबा को रिझाया. उन्होंने अपने भजनों से कार्यक्रम की शुरुआत की. बाबा की आराधना में भक्तिरस की जमकर वर्षा हुई. मधुर भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे. सदस्यों ने समारोह का जमकर आनंद उठाया. कार्यक्रम के में श्याम रसोई का स्वाद लोगों ने चखा. झमाझम बारिश में भी भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ा.



