सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़कुम पंचायत के नुआगुड़ा गांव में रविवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया. एक श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से नौ वर्षीय रोशनी सोरेन और 32 वर्षीय सोनू सरदार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. जानकारी के अनुसार, गांव में एक परिवार के यहां श्राद्ध संस्कार का आयोजन था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए थे. कार्यक्रम के दौरान अचानक मौसम बदल गया. तेज गर्जना और बारिश के बीच आकाशीय बिजली कार्यक्रम स्थल के पास गिर गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना का सबसे भावुक पहलू यह रहा कि मृतक बच्ची रोशनी सोरेन अपनी मां के श्राद्ध में शामिल होने आई थी. मां के निधन के कुछ समय बाद उसी कार्यक्रम में उसकी भी मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हरसंभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया. हादसे के बाद पूरे नुआगुड़ा गांव में शोक का माहौल है.







