
सरायकेला: सरायकेला नगर बुधवार को उत्सव के रंग में रंगा नजर आया, जब उत्कल दिवस पूरे हर्षोल्लास, गर्व और श्रद्धा के साथ मनाया गया. इस विशेष अवसर पर नगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज चौधरी, उपाध्यक्ष अविनाश कवि सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए.कार्यक्रम से पहले मनोज चौधरी ने पाठागार स्थित महान समाजसेवी एवं स्वतंत्रता सेनानी उत्कल मणि पंडित गोपाबंधु दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई. उनके त्याग, समर्पण और विचारों को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उन्हें नमन किया.इसके बाद छऊ कला केंद्र में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने उन्हें गुलदस्ता एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.(नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर प्रसिद्ध मुखोटा निर्माता सुशांत महापात्रा एवं वरिष्ठ छऊ कलाकारों को सम्मानित कर उनकी कला साधना को सराहा गया. मनोज चौधरी ने कहा कि गोपबंधु दास के आदर्श आज भी समाज को दिशा देते हैं और उनके विचारों पर चलकर ही एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है.अनुमंडल पदाधिकारी ने ओडिशा के स्थापना दिवस पर प्रकाश डाला और कहा कि छऊ सरायकेला की पहचान है और इसके संरक्षण एवं विकास के लिए सभी को आगे आना होगा. जब यह कला आगे बढ़ेगी, तभी कलाकारों का भविष्य भी सशक्त होगा.कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने मिलकर एक-दूसरे को उत्कल दिवस की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर
नगर पंचायत के उपाध्यक्ष अविनाश कवि, सुशांत महापात्रा,वार्ड पार्षद सुषमा टियू, विक्रम मोदक, शांति गोडसरा,अंजलि राय, गौतम नायक, उत्तम महती,राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के कॉर्डिनेटर सुदीप कवि, भोला मोहंती, पंकज साहू विजय साहू, तपन पट्टनायक आदि मौजूद थे.



