सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़, कुकड़ू व नीमडीह प्रखंड क्षेत्र में हाथियों का उत्पात रुकने का नाम नहीं ले रहा है. बुधवार को हाथियों ने हुट्टू गांव में एक 87 वर्षीय बुजुर्ग की जान ले ली, जिससे गांव में मातम छा गया है. बता दें कि क्षेत्र में जंगली हाथी आये दिन लोगों की फसलें तो बर्बाद कर ही रहे हैं, लोकों की जान भी ले ले रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
ये हाथी लोगों के घरों को भी क्षतिग्रस्त कर रहे हैं. बुधवार के अहले सुबह एक हाथी ने 87 वर्षीय श्याम गोप को कुचलकर मार डाला, जिसके बाद हाथियों का झुंड ईचागढ़ थाना क्षेत्र के कुटाम व चोगाटांड़ में दर्जनों किसानों के खेतों में कटे धान, खेतों में लगी आलू, टमाटर, गोभी आदि की फसल को रौंद कर नष्ट कर दिया. कुटाम व चोगाटांड़ गांव के घासी राम सिंह मुण्डा, गुरुचरण महतो, हारा महतो, निर्मला देवी सहित दर्जनों किसानों की फसल हाथियों ने नष्ट कर दी है. बताते हैं कि फिलहाल हाथी टाम पहाड़ पर जंगल में डेरा डाले हुए हैं. बताते चलें कि विगत एक माह के अंदर हाथियों का झुंड क्षेत्र में गई लोगों की जान ले चुके हैं, जबकि दर्जनों किसानों के खेतों में लगी फसलों को भी बरबाद कर चुके हैं. हालत यह है कि हाथियों के डर से लोग शाम ढलते ही घरों में दुबक जा रहे हैं.



