
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां पुलिस की ओर से जिले में हर दिन बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों के मामलों के देखते हुए मंगलवार से नए पहल की शुरूआत की है. इसके तहत जिले के सभी थाना क्षेत्र के संक्रमितों को जरूरी दवाइयां, भोजन और ऑक्सीजन सिलिंडर मुहैया कराया जाएगा. इसके लिए जिला पुलिस की ओर से एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है. इसके लिए जरूरतमंदो को हेल्पलाइन नंबर 9798302485, 9798302486 एवं 100 नंबर पर संपर्क करना होगा. जिसे उपलब्धता के आधार पर जिला पुलिस द्वारा जरूरतमंदो तक पहुंचाया जाएगा. मंगलवार को राज्य के मंत्री सह सरायकेला विधायक चंपई सोरेन ने आदित्यपुर थाने से इस अभियान की शुरूआत की. इस दौरान कोरोना संक्रमितों के परिजनों को जरूरी दवाइयां और ऑक्सीजन सिलिंडर सौंपी गई. मंत्री चंपई सोरेन ने जिला पुलिस- प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जिले की जनता के हित में उठाया गया बड़ा और सहासी कदम बताया. उन्होंने कोरोना काल में राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा उठाए जा रहे कदमों की भी सराहना की. साथ ही आम लोगों से इस महामारी से लड़ने में आगे आने की भी अपील की. उन्होंने बताया कि इस वैश्विक त्रासदी में सभी की भागीदारी से ही इसपर विजय प्राप्त किया जा सकता है. वहीं पत्रकारों के कार्यों की उन्होंने जमकर सराहना की लेकिन सुविधा के नाम पर बचते नजर आए औऱ कहा कि पत्रकारों की परेशानियों से राज्य के मुख्यमंत्री को अवगत करा दिया जाएगा और चलते बने. उधर जिले के उपायुक्त और एसपी ने जिले की जनता से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की. दोनों ही पदाधिकारियों ने कोरोना के खिलाफ जंग में आम लोगों को अपनी भूमिका सुनिश्तित करते हुए जिला प्रशसान का हर संभव सहयोग किए जाने की अपील की.












