
जमशेदपुर : झारखंड में कोरोना संक्रमण के ताजा हालात पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के सांसदों और विधायकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इसमें जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने शामिल होकर अपने क्षेत्र की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। विधायक मंगल कालिंदी ने मुख्यमंत्री से कहा कि पूरे पूर्वी सिंहभूम में अगर देखा जाए तो सबसे ज्यादा कोरोना के केस जुगसलाई विधानसभा में हैं और साथ ही मृत्यु के भी आंकड़े जुगसलाई में ज्यादा हैं. इसको देखते हुए हमें जुगसलाई विधानसभा के अंतर्गत काफी ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही पटमदा के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 20 बेड हैं उसमें से मात्र 3 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड हैं। उन सभी 20 बेड को ऑक्सीजन सपोर्ट बेड किया जाए और कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए वहां 50 बेड की व्यवस्था की जाए और जुगसलाई में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए नगर पालिका क्षेत्र के चर्चित 100 बेड वाले अस्पताल राजस्थान सेवा सदन को कोविड अस्पताल में तब्दील किया जाए। जिसकी मांग मैं काफी दिनों से कर रहा हूं। मुख्यमंत्री से उन्होंने अनुरोध किया कि उपायुक्त को अविलंब निर्देश दें ताकि जल्द से जल्द इसे शुरू करवाया जा सके। विधायक ने कहा कि जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अधिक से अधिक कोरोना जांच केंद्र चालू किए जाएं, ताकि कोरोना संक्रमण को समय रहते रोका जा सके।














