
जमशेदपुर : एक ओर जहां सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर देशभर में सख्ती की अपील की जा रही है वहीं आये दिन चौकाने वाली खबरें भी आ रहीं हैं. लौहनगरी के आमबगान क्षेत्र में हैशटैग नामक हुक्काबार में अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार द्वारा छापेमारी की गई, जिसमें 7 लोगों को गिरफ्तार कर लॉकडाऊन उल्लंघन, धूम्रपान और अड्डाबाजी की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. यह मामला हालांकि समझ से बाहर और पेचिदा नजर आ रहा है. घटना 18 जून की है, जबकि प्राथमिकी 19 जून की है. मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार जेएनएसी और पुलिस की टीम को हैशटैग हुक्काबार में अड्डाबाजी की शिकायत मिली. जब टीम वहां पहुंची तो मौके पर धूम्रपान की सामग्री सहित सभी को गिरफ्तार कर साक्ची थाने लाया गया. प्रशासन के साथ बदतमीजी करने पर प्रशासन ने उन पर लाठियां भांजी. सभी लोगों पर कोटपा एक्ट 2003 के तहत मामला दर्ज कर जमानत पर छोड़ भी दिया गया. जानकारी के अनुसार लॉकडाउन का उल्लंघन कर अड्डेबाज सभी सातों आरोपी न मास्क पहने थे न सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे थे. बल्कि अड्डाबाजी कर रहे थे. गिरफ्तार युवकों में जुगसलाई का विवेक नरेडी, आजादनगर का शहजाद तस्लीम, गोलमुरी का मो साद खान, साकची का आलोक कुमार, राहुल, जवाहरनगर का सैफ कैफी आलम और मानगो का सुमित केडिया शामिल था, जिन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया.






