जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के रोटरैक्ट क्लब के विद्यार्थियों ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर “शरबत-ए-सेवा” नामक एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन कर समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सेवा भाव का परिचय दिया. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ज़रूरतमंदों को भीषण गर्मी में राहत पहुँचाना और आवश्यक सामग्री वितरित करना था. इस कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा छात्रों द्वारा तैयार की गई, जिसमें उन्होंने योजना बनाने से लेकर क्रियान्वयन तक हर स्तर पर उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई. स्थानीय संसाधनों से सामग्री एकत्र की गई, एक स्वयंसेवक टीम का गठन किया गया और वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से संचालित किया गया. साथ ही आम नागरिकों को भी इस नेक कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया. इस सेवा अभियान के अंतर्गत जरूरतमंदों को ठंडा शरबत, पौष्टिक उपमा और केले वितरित किए गए.(नीचे भी पढ़े)
इसके साथ ही गरीब और बेसहारा लोगों के लिए उपयोगी लेकिन पुराने वस्त्र भी एकत्र कर बांटे गए. गर्मी के मौसम में यह सेवा राहत की एक ठंडी छांव बनकर सामने आई. कार्यक्रम को रोटरैक्ट क्लब की मार्गदर्शिका शालिनी ओझा और रोटरी इंटरनेशनल फेमिना जमशेदपुर की अध्यक्ष सीमा कुमार के निर्देशन में संपन्न किया गया. दोनों ने छात्रों की सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की सराहना की. यह पहल रोटरैक्ट क्लब के उस उद्देश्य को सार्थक करती है, जो युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व और समुदाय सेवा की भावना से जोड़ने का कार्य करता है. इस कार्यक्रम के माध्यम से यह सिद्ध हुआ कि युवा समाज में सकारात्मक बदलाव के सशक्त वाहक बन सकते हैं. “शरबत-ए-सेवा” कार्यक्रम न केवल एक सेवा कार्य था, बल्कि यह छात्रों के समर्पण, सहयोग और मानवीयता का प्रतीक भी बन गया.












