जमशेदपुर : महारानी लक्ष्मीबाई की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संयुक्त युवा संघ ने जिले के उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा है. इसके माध्यम से जमशेदपुर में किसी भी स्थान पर महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा स्थापित करने या कहीं पार्क या सड़क का संबंधित नामकरण करने की मांग की है. ज्ञापन में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल ने कहा है कि आज के दिन ही महारानी लक्ष्मीबाई अंग्रेजों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुई थीं. शहर में न तो उनकी प्रतिमा है और न ही उनके नाम पर कोई भवन, सड़क या चौक-चौराहा. अत: महारानी लक्ष्मीबाई की वीरता व पराक्रम के संचरण व महिला सशक्तिकरण पर अत्यधिक बल देने के लिए जरूरी है कि शहर में कम से कम किसी स्थान पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाये. छात्र, युवा, महिला व पुरुष में उनकी वीरता एवं देशभक्ति का प्रचार करना आवश्यक है. इसी विषय पर यदि ध्यान दिया जाये, तो जमशेदपुर के भविष्य को इसका लाभ मिलेगा. संघ ने उपायुक्त से महारानी लक्ष्मीबाई की वीरगाथा, पराक्रम एवं देशभक्ति को धूमिल होने से बचाने के लिए जमशेदपुर में उनकी प्रतिमा स्थापित करवाने का आग्रह किया है. ज्ञापन सौंपनेवालों में रवि सिंह चंदेल, धीरज चौधरी, मोहन दास, देवेश शुक्ला, प्रकाश सिंह, श्रवण खेमका, विक्की तरवे समेत संघ के अन्य सदस्य शामिल थे.





