जमशेदपुर : एयर इंडिया के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद टाटा समूह ने बड़ा दिल दिखाया है. टाटा समूह ने इस हादसे में मारे गये 241 लोगों के परिजनों की मदद के लिए 500 करोड़ रुपये की राशि से एक विशेष कल्याणकारी ट्रस्ट बना दिया है. इस हादसे में करीब 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी थी. टाटा संस और एयर इंडिया पहले ही मृतक के परिजनों को 1.25 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा कर चुका है. टाटा संस की बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी कि ऐसे पीड़ितों के परिजनों की पूरी देखभाल के लिए एक ट्रस्ट बनाया जायेगा, जिसके चेयरमैन खुद एन चंद्रशेखरन होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
इससे पहले टाटा समूह ने मुंबई के 26/11 के आतंकी हमला के बाद भी ताज पब्लिक सर्विस वेलफेयर ट्रस्ट की स्थापना की थी. इस ट्रस्ट ने हमलों में मारे गये लोगों के परिजनों, घायल कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को सहायता दी थी. बाद में इस ट्रस्ट का कार्यक्षेत्र बढ़ा दिया गया और इसमें दिव्यांग सैनिकों, महामारी के समय प्रवासी मजदूरों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य जरूरतमंदों तक मदद पहुंचायी थी. एयर इंडिया हादसे को लेकर बनाये गये ट्रस्ट के माध्यम से मारे गये लोगों के परिजनों की देखरेख और उनके बेहतर भविष्य को लेकर काम करेगा.



