
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में 18 मई से 22 मई तक के लिए ब्लॉक क्लोजर लिया गया है. कंपनी के जमशेदपुर प्लांट के हेड विशाल बादशाह ने इसके लिए सरकुलर जारी किया है. इसके तहत यह बताया गया है कि ब्लॉक क्लोजर के दौरान कर्मचारियों का पर्सनल लीव (पीएल) या कैजुअल लीव (सीएल) का 50 फीसदी की कटौती होगी. ब्लॉक क्लोजर के दौरान 50 फीसदी वेतन कटेगा जबकि 50 फीसदी वेतन ही मिलेगा. इस ब्लॉक क्लोजर के दौरान जिस कर्मचारी या अधिकारी को ड्यूटी बुलायी जायेगी, उनको अलग से इसकी सूचना दी जायेगी. अगर किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को ड्यूटी के दौरान बुलाया जाता है और वह ड्यूटी नहीं आता है तो ऐसे लोगों को पूरा दिन का वेतन नहीं मिलेगा और वह दिन छुट्टी में चला जायेगा. 22 मई तक के ब्लॉक क्लोजर के बाद 23 मई को रविवार का दिन है, जो साप्ताहिक छुट्टी है. इसके बाद सारे कर्मचारियों और अधिकारियों को सीधे 24 मई को ड्यूटी बुलाया गया है.
कंपनी का वर्कऑर्डर कम, अप्रैल-मई में ही हो चुका है कई ब्लॉक क्लोजर
टाटा मोटर्स के वर्क आर्डर में भारी गिरावट दर्ज की गयी है. जाहिर सी बात है कि टाटा मोटर्स इस दौरान ब्लॉक क्लोजर लेती रही है. इसी माह 12 मई को टाटा मोटर्स ने ब्लॉक क्लोजर लिया था जबकि 13 मई को ईंद की छुट्टी थी. इसके अलावा 4 और 5 मई को ब्लॉक क्लोजर लिया गया था जबकि कंपनी 28 अप्रैल से ही बंद हो गयी थी क्योंकि बीच में कई दिन छुट्टी ही छुट्टी थी. इसके अलावा 3 मई को कंपनी ने कर्मचारियों को वेतन के साथ छुट्टी दी थी. अप्रैल के महिना में भी 29 और 30 अप्रैल को दो दिनों को ब्लॉक क्लोजर कंपनी की ओर से लिया गया था. 10 अप्रैल को भी कंपनी ने एक दिन का ब्लॉक क्लोजर लिया था और दूसरे दिन रविवार की छुट्टी थी.




