जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के भीतर चेचिस लेकर गये ट्रक चालक की मौत हो गयी. उसकी तबीयत अचानक खराब हो गयी, जिसके बाद उनको टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. मृतक सरायकेला-खरसावां जिले के चिलगू क्षेत्र का रहने वाला दशरथ महतो है, जिसकी उम्र 46 साल थी. मृतक के परिवारवाले सदमे में है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. बताया जाता है कि टाटा मोटर्स का चेचिस चालक के तौर पर दशरथ महतो काम कर रहा था. वह सुबह में ड्यूटी के लिए गया था, जहां ट्रक के भीतर ही उसकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उसको टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया. चिकित्सकों ने उसकी जांच की और करीब 10 से 15 मिनट बाद ही उनकी मौत की पुष्टि कर दी गयी. मौत के कारणों के बारे में कोई जानकारी देने वाली स्थिति में नहीं है. पुलिस ने कहा है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मृतक डाइबिटीज का मरीज था और संभव है कि हार्ट अटैक आया हो. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.






