
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट चार और पांच मई को भी बंद रहेगा. अब टाटा मोटर्स छह मई को खुलेगा. इस आशय का सर्कुलर शुक्रवार को प्लांट हेड के हस्ताक्षर से जारी कर दिया गया. उल्लेखनीय है कि कंपनी में 28 और 30 अप्रैल को ब्लॉक क्लोजर, 1 मई को मजदूर दिवस, 2 मई को रविवार होने की वजह से सामान्य साप्ताहिक अवकाश तथा 3 मई को टाटा मोटर्स के सभी इकाई में बंदी की घोषणा पहले ही कर दी गई है. शुक्रवार को 4 ओर 5 मई को भी ब्लॉक क्लोजर के कारण बंद करने का सर्कुलर जारी कर दिया गया. इस तरह अब कंपनी 6 मई को खुलेगी. सूत्रों के अनुसार कलपुर्जों की कमी के कारण यह कदम उठाया गया है. कंपनी में ऑर्डर की कमी नहीं है. लेकिन किसान आंदोलन और कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर देश के कई राज्यों में लगे लॉकडाउन ने क्लपूर्जों की आपूर्ति बाधित कर दिया है. टाटा मोटर्स को अधिकांश कलपुर्जों की आपूर्ति महाराष्ट्र के पुणे, कोल्हापुर, तमिलनाडु के चेन्नई, दिल्ली के एनसीआर, हरियाणा के फरीदाबाद, गुड़गांव, राजस्थान के भिवाड़ी आदि शहरों से होता है. लेकिन इन राज्यों में लॉक डाउन की वजह से परिवहन व्यवस्था बाधित है.




