जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट प्रबंधन ने वर्तमान व्यावसायिक आवश्यकताओं (बिजनेस रिक्वायरमेंट) को देखते हुए कार्यदिवसों और छुट्टियों के संबंध में नया सर्कुलर जारी किया है. जारी आदेश के अनुसार, आगामी 18 अक्टूबर रविवार को प्लांट के जनरल ऑफिस समेत सभी डिवीजनों, विभागों और उनकी सेवाओं में कामकाज सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा. 18 अक्टूबर रविवार को काम करने के बदले दिए जाने वाले कॉम्पेन्सेटरी ऑफ की तिथि की घोषणा प्रबंधन द्वारा बाद में की जाएगी. वहीं, गत 4 अक्टूबर को किए गए कार्य के बदले प्लांट में 20 अक्टूबर मंगलवार को कॉम्पेन्सेटरी ऑफ घोषित किया गया है, जिस दिन प्लांट बंद रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा, विजयादशमी (दशहरा) के पावन अवसर पर 21 अक्टूबर बुधवार को प्लांट, ऑफिस और शॉप्स में सवैतनिक अवकाश पेड हॉलिडे रहेगा. इस संबंध में प्लांट हेड द्वारा जारी सर्कुलर में सभी डिवीजनल व डिपार्टमेंटल हेड्स को आवश्यकतानुसार कॉमन सर्विसेज का समन्वय कर आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा गया है. साथ ही शिफ्ट चेंज और छुट्टियों से जुड़े इन नोटिसों को प्लांट के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा किया जाएगा. सर्कुलर की प्रतियां फैक्ट्री इंस्पेक्टर (सर्किल-1), उप श्रम आयुक्त (डीएलसी) तथा टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव को भी सूचनार्थ भेज दी गई हैं.





