
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के लंबित वेज रिवीजन समझौता को लेकर वार्ता शुरु हो गयी. सोमवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन एवं टाटा मोटर्स प्रबंधन के बीच 1 अप्रैल 2022 से लंबित होने वाली वेतन समझौता के लिए वार्ता का दौर आरंभ हुई. शाम 4:30 बजे से जनरल ऑफिस में यह वार्ता हुई. जो कि शाम 6:30 बजे तक चली. दो घंटे तक चली इस बैठक में प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड विशाल बादशाह, इआर हेड दीपक कुमार और यूनियन की ओर से अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते एवं महामंत्री आरके सिंह ने वार्ता में भाग लिया. वार्ता सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. इस लक्ष्य के साथ कि तय समय पर समझौता संपन्न करना है जल्दी अगली बैठक होगी. आपको बता दें कि 31 मार्च 2022 से वेज रिवीजन जमशेदपुर में लंबित होने जा रहा है. इसके अलावा पुणे के कॉमर्शियल वेहिकल यूनिट में 31 अगस्त 2021, पुणे के ही पैसेंजर वेहिकल यूनिट में 31 मार्च 2022, मुंबई प्लांट में 31 दिसंबर 2021, लखनऊ प्लांट में 31 मार्च 2020, पंतनगर में 31 मार्च 2022, सानंद पैसेंजर वेहिकल प्लांट में 30 सितंबर 2020 से ही लंबित हो चुका है जबकि यूके प्लांट में बनने वाले जगुआर लैंड रोवर के प्लांट में 1 अप्रैल 2021 से लंबित है. इस कारण टाटा मोटर्स प्रबंधन ने तय किया है सभी प्लांट में समय पर वेज रिवीजन समझौता कर लिया जाये. इसको लेकर यूनियन भी तैयारी कर रही है.






