
जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में सीनियर टेक्नीशियन गौरांग नंद (स्थायी कर्मचारी) की शुक्रवार सुबह ड्यूटी के दौरान मूर्छित होकर गिरने से मौत हो गई. 57 वर्षीय गौरंग ईक्यूएमएस विभाग के सीएस स्टेशन ईस्ट लोकेशन में कार्यरत थे और शुक्रवार को डी शिफ्ट में काम कर रहे थे. मिली जानकारी के अनुसार गौरंग सुबह 9.21 बजे अचानक बेहोश होकर गिर गए. बेहोश होकर गिरने के बाद साथ में काम कर रहे अन्य सहकर्मियों ने तुरंत ईपीएफए को फोन कर जानकारी दी. मामले की सूचना मिलते ही तत्काल मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और गौरंग की उपचार करने लगे. डाक्टरों की टीम ने जांच में पाया कि गौरंग की धड़कन नहीं चल रही है और हार्ट बीट में नहीं हो रहा है. मेडिकल टीम ने उन्हें तत्काल टीएमएच पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. टाटा स्टील ने भी इस मौत की आधिकारिक पुष्टि किया. साथ ही दुख की घड़ी में मृत कर्मचारी के परिवार के प्रति सहानुभूति प्रकट किया है. गौरंग एक अनुशासित कर्मचारी थे और समय पर ड्यूटी आना जाना उनकी दिनचर्या थी. गौरंग साकची के गौशाला रोड में रहते थे उन्हें एक बेटा और एक बेटी है. बेटा फिलहाल बेंगलुरु में बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत है. वहीं बेटी 12 वीं स्टूडेंट है. घटना की सूचना मिलने के तत्काल बाद टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह समेत अन्य लोग पहुंचे और परिवार को ढांढस बंधाया.






