जमशेदपुर : सोनारी थाना इलाके के गवालाबस्ती में चटनी डॉन गैंग फिर सुर्खियों में आने लगा है. गुरुवार की शाम चटनी डॉन ने अपने पति संतोष, पिंटू यादव, करण सिंह, राहुल सिंह व अन्य चार के साथ मिल कर ग्वाला बस्ती के ही धीरज सिंह के घर में घुसकर मारपीट की. उससे रंगदारी भी मांगी गई. इस मामले में चटनी समेत सभी को आरोपित बनाते हुए मारपीट व रंगदारी की धारा लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है. एसआई रामदास मुर्मू को जांच के लिए नियुक्त किया गया है. पुलिस के अनुसार भुक्तभोगी के साथ मारपीट की गई है. रंगदारी मांगे जाने के मामले में जांच की जा रही है. मालूम हो की चटनी डॉन की गैंग इलाके की पुलिस के लिए भी सिरदर्द बनी रहती है. पिछले दिनों घाटशिला में जेल में रहने के दौरान अपनी साथी महिला बन्दी के साथ नस काट ली थी. तब उसे एमजीएम लाया गया था, जहां उसने हाई वोल्टेज ड्रामा घाघीडीह मंडल कारा शिफ्ट होने के लिए किया था. जेल अधीक्षक पर भी कई आरोप लगाए थे. तब उसे दूसरे जेल भेज दिया गया था. मेरिन ड्राइव में उसके खिलाफ ट्रक वालों से लूट समेत डकैती, मारपीट, रंगदारी के कई मामले दर्ज हैं.






