जमशेदपुर : टाटा स्टील अपने कर्मचारियों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखती है. आवास से लेकर उनके रिक्रिएशन को लेकर भी कंपनी अपनी ओर से योजना पर काम कर रही है. इस कड़ी में टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने टाटा स्टील द्वारा अधिग्रहित भूषण स्टील कंपनी (अब टाटा स्टील मेरामंडली) के सारे प्लांट में कर्मचारियों के लिए आवासीय कॉलोनी समेत आवास के अलावा कई सारे संसाधनों को बनाने का आदेश दिया है. इसको लेकर टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने एक छह सदस्यीय कमेटी बनायी है, जिसकी देखरेख टाटा स्टील मेरामंडली के वीपी और वीपी कारपोरेट सर्विसेज करेंगे. इस कमेटी में चीफ बिजनेस फाइनांस व एकाउंट शक्तिश्री दास, हेड एचआरएम एमिनीटीज सचिदानंद राउत, चीफ प्रोक्योरमेंट नीना सिंह, हेड इंफ्रास्ट्रक्चर पितांबर तिवारी, जूनियर लीगल काउंसिल सैकत कुमार पालित और हेड लैंड एक्वीजिशन सिद्धार्थ शंकर पाणि को शामिल किया गया है. इस दौरान हर माह यह कमेटी अपनी समीक्षा रिपोर्ट एमडी को सौंपेगी जबकि 90 दिनों के भीतर इसका काम पूरा करने को कहा गया है.





