जमशेदपुर : कोर्ट हाजत से दो बदमाशों अमन लाल और सोनू यादव को भागने में मदद करने वाले आरोपी राहुल बच्चा को साकची से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। टाइगर मोबाइल के जवानों ने राहुल बच्चा को बुधवार को दोपहर बाद साकची चौक के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से चापड़ बरामद हुआ है। राहुल बच्चा कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 2 का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उसे थाने ले जाया गया है। (नीचे भी पढ़ें)
बताते हैं कि राहुल बच्चा ने ही कोर्ट हाजत से भागने वाले अमन लाल और सोनू यादव को भागने में मदद की थी। राहुल बच्चा के कंधे में चढ़कर यह दोनों बदमाश कोर्ट हाजत में लगे वेंटीलेटर को तोड़कर फरार हो गए थे। टाइगर मोबाइल के जवानों ने राहुल बच्चा को पकड़ने के बाद साकची थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। राहुल बच्चा ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति ने उससे उसका मोबाइल छीन लिया था। वह चापड़ लेकर उसी व्यक्ति को मारने के लिए निकला था। लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही उसे पकड़ लिया।







