
जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित आर्मरी ग्राउंड में आयोजित इंटर जेडीसी क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले और भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ. पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और सच्ची खेल भावना का शानदार परिचय दिया. टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में एलडी 2 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलडी 3 को 16 रनों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया. फाइनल में एलडी 3 ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया. पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एलडी 2 की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 85 रन बनाए. एलडी 2 की ओर से राजीव बेहेरा ने नाबाद रहते हुए 30 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अनिकेत कश्यप ने 26 रन बनाकर टीम को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया. (नीचे भी पढ़े)

लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलडी 3 की टीम दबाव में आ गई और 10 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 69 रन ही बना सकी. एलडी 3 की ओर से तपन कुमार गिरी और आलोक रॉय ने उपयोगी रन बनाए. एलडी 2 की ओर से गेंदबाज़ी में विजय पटेल ने किफायती प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट हासिल किए. फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राजीव बेहेरा (एलडी2) को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. पूरे टूर्नामेंट में निरंतर शानदार प्रदर्शन के लिए एलडी2 के सत्यजीत उपाध्याय को मैन ऑफ द सीरीज़ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया. तृतीय स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में वन सप्लाइ चेन जेडीसी की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया और उन्हें पुरस्कार से सम्मानित किया गया. फाइनल मुकाबले के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़े)

मुख्य अतिथियों में टाटा स्टील गम्हरिया के चीफ रंजन कुमार सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, टाटा स्टील के चीफ एचआरबीपी यशवंत पांडेय, एलडी 3 के चीफ रविंद्र विजय संघवी, – चीफ, एलडी 2 के चीफ हितेश साह, एलडी 3 के चीफ रंजय सिंह, स्पोर्टर्स चीफ मुकुल विनायक चौधरी, यूनियन के पदाधिकारी अमोद दुबे, राजीव चौधरी , संजीव तिवारी, अजय चौधरी और श्याम बाबू भी उपस्थित थे. सभी अतिथियों का स्वागत टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष संजय सिंह द्वारा किया गया. पुरस्कार वितरण समारोह का सफल संचालन बालाजी भगत एवं अनन्या लिपि ने किया. इस अवसर पर पुरुष वर्ग की विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों के साथ-साथ महिला क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता एवं उपविजेता टीमों को भी सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम के अंत में कैप्टन मनीष सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी खिलाड़ियों, यूनियन कमेटी सदस्यों, प्रबंधन, आयोजकों एवं सहयोगी टीमों का आभार व्यक्त किया. आयोजकों ने बताया कि पूरा टूर्नामेंट पूरी तरह चोट-मुक्त रहा और सभी मुकाबले सच्ची खेल भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान के साथ संपन्न हुए. यह आयोजन कर्मचारियों के बीच एकता, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा को और अधिक सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ.







