
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा हाल ही में अधिग्रहित उषा मार्टिन (टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट लिमिटेड) में एक हादसे में एक कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गया. जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर पांच का रहने वाला हरिशंकर सिन्हा टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट परिसर (पूर्व में उषा मार्टिन के नाम से जाना जाता था) के अंदर ही फोर्क लिफ्ट की चपेट में वह आ गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. उसका पैर चलने लायक नहीं है. उसको तत्काल टीएमएच में भरती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. उसके पैर को कैसे बचाया जाये, इसके लिए टीएमएच के चिकित्सक कोशिशें कर रहे है और जरूरत पड़ने पर कैसे बाहर भेजा जा सकता है, इसका भी विचार किया जा रहा है. सारे बेहतर विकल्पों पर विचार किया जा रहा है. श्री सिन्हा ठेका कर्मचारी है, जो ट्रांस्पोर्टर मोहम्मद शहनवाज खान के अधीन काम कर रहा था. बताया जाता है कि वह प्लांट के भीतर में ही जाने के दौरान एक फोर्क लिफ्ट की चपेट में आ गया, जिससे यह हादसा हुआ. वैसे इस घटना की पुष्टि टाटा स्टील की कारपोरेट कम्यूनिकेशन ने की है. कंपनी ने कहा है कि अभी उसका बेहतर इलाज करने का प्रयास चल रहा है. टीएमएच की पूरी टीम उसका ख्याल रख रही है.



