
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एसएसपी को रांची के विशेष शाखा ने जानकारी दी है कि जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर काली मन्दिर के पास एक व्यक्ति रह रहा है जो नोएडा स्थित गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस का पॉजिटिव पाए गए मरीज के साथ रहने वाला है और वह कदमा के रामजन्मनगर में रहता है। उसका पता लगाकर उसका टेस्ट करने और क्वारंटाइन करने को भी कहा गया है ताकि कोरोना का संक्रमण रोका जा सके। इस सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है और उक्त व्यक्ति की तलाश कर रही है। दूसरी ओर, एमजीएम वायरोलाजी लैब में बुधवार को 215 सैंपल की जांच हुई और सभी रिपोर्ट निगेटिव पाया गया है। वहीं रांची रिम्स का लैब शुरु हो जाने से एमजीएम पर पड़ा दबाव भी कम हो गया है। एेसे में अस्पताल प्रबंधन द्वारा गुरुवार तक सभी पेंडिंग सैंपल क्लियर करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए सभी आवश्यक समाग्री लैब को उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं जिला सर्विलांस टीम की ओर से बुधवार को 173 सैंपल डुमरिया, घाटशिला, मुसाबनी, मानगो, कदमा समेत विभिन्न क्षेत्रों से लिया गया है। इस तरह जिले में अब तक 2069 सैंपल लिया जा चुका है जिसमें 1833 का रिपोर्ट आ चुका है। जबकि 236 सैंपल आन प्रोसेस है जिसकी रिपोर्ट गुरुवार को आने की संभावना है।





