
जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा संचालित नोवामुंडी आयरन ओर माइंस को वित्तीय वर्ष 2020-2021 को 5 स्टार रेटिंग दी गयी है. इससे पहले वित्तीय वर्ष 2017-2018, वित्तीय वर्ष 2018-2019 और वित्तीय वर्ष 2019-2020 में भी यह स्टार रेटिंग दी गयी थी. टाटा स्टील नोवामुंडी माइंस के चीफ शिरिश शेखर और नोवामुंडी मजदूर यूनियन के महासचिव जीटी रेड्डी ने यह अवार्ड केंद्रीय खनन, कोयला और संसदीय कयार् मंत्री प्रह्लाद जोशी के हाथों हासिल की. आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर नयी दिल्ली में देश के केंद्रीय खान और भूतत्व मंत्रालय की ओर से आयोजित छठे कांक्लेव में यह सम्मान दिया गया. आपको बता दें कि केंद्रीय खान एवं भूतत्व मंत्रालय ने बेहतर खनिज और खदान को संचालित करने के लिए स्टार रेटिंग की शुरुआत 2016 से शुरू की है ताकि स्थायी विकास की दिशा में आगे बढ़ सके. टाटा स्टील के रॉ मैटेरियल के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदररमम ने बताया कि हम लोग स्थितरता और स्थायित्व के मामले में सबसे आगे रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं. पर्यावरण संरक्षण को और बेहतर करने और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल के साथ एक स्थायी विकास और समाज के साथ उनके जुड़ाव को और बेहतर करने के लिए कृत संकल्पित है. अपनी प्रतिबद्धताओं पर खरा उतरने में यह सम्मान हम लोगों को और गति प्रदान करेगा. टाटा स्टील का यह दर्शन है कि शून्य नुकसान, संसाधन दक्षता, परिपत्र अर्थव्यवस्था और समुदाय के साथ ही कार्यबल की भी बेहतर देखरेख करने के लिए कंपनी सतत प्रयत्नशील रहती है. अपने संचालन की आधारशिला के रूप में स्थिरता के साथ, नोवामुंडी आयरन ओर माइंस ने ऊर्जा संरक्षण और नोवामुंडी में और उसके आसपास वर्षा जल संचयन, वृक्षारोपण सहित कार्बन उत्सर्जन को कम करने, कार्बन को कम करने के लिए 3 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के संबंध में और आसपास के क्षेत्र में कई पहल की हैं. इसके अलावा, यह 2019 में 22 महिला हैवी अर्थ मूविंग मशीनरी ऑपरेटरों की भर्ती में सबसे आगे रही है और सभी शिफ्टों में महिलाओं को तैनात करने वाली भारत की पहली खदान होने का श्रेय है.






