
जमशेदपुर : टाटा स्टील की कंपनियों के समायोजन की प्रक्रिया तेज हो गयी है. जुस्को के बाद अब टाटा स्टील का शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील प्रोसेसिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (टीएसपीडीएल) का नाम भी बदल दिया गया है. टाटा-ब्लूस्कोप और निप्पन स्टील और टाटा स्टील का संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल का एक साथ समायोजन करते हुए एक नयी कंपनी बनायी गयी है, जिसका नाम टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड (टीएसडीपीएल) रखा गया है. टीएसडीपीएल नाम की इस कंपनी के आने के बाद अब टाटा ब्लूस्कोप और जेसीएपीसीपीएल को जोड़कर एक नयी कंपनी स्थापित की जा सकती है. हालांकि, अब तक ब्लूस्कोप और जेसीएपीसीपीएल के समायोजन की प्रक्रिया शुरू नहीं की गयी है. टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड के एमडी अब्राह्म स्टेनफोस है. टीएसपीडीएल से अब यह कंपनी टीएसडीपीएल के रुप में जाना जायेगा. 1997 को स्थापित टीएसपीडीएल का नाम पहले टाटा रायसन था. यह टाटा स्टील से निकलने वाले स्टील प्रोडक्ट का जोड़-घटाव कर इसकी पैकिंग करने के बाद इसका डिस्ट्रीब्यूशन करती है. अब कंपनी टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी कंपनी हो चुकी है जबकि पहले रायसन के साथ मिलकर टाटा स्टील इस कंपनी का संचालन करती थी, जिस कारण इसका नाम पहले टाटा रायसन रखा गया था. अब नये नाम के बाद इसका समायोजन होना है.
टाटा सटील के लगभग सभी एक तरह के काम करने वाली कंपनियों का होना है समायोजन
टाटा स्टील के लगभग सभी एक तरह के काम करने वाली कंपनियों का समायोजन किया जाना है. इसके समायोजन की दिशा में दो कदम आगे कंपनी बढ़ चुकी है. टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी जुस्को का नाम बदलकर टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लिमिटेड कर दिया गया है, जिसके साथ टाटा पिगमेंट जैसी सेवा प्रदाता सारी कंपनियों को इसमें जोड़ दिया जायेगा. इसके अलावा कई अन्य कंपनियों का भी समायोजन की प्रक्रिया चल रही है. टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने एक तरह का काम करने वाली कंपनियों के समायोजन का प्रस्ताव करीब एक साल पहले दिया था ताकि कंपनी का लागत खर्च भी कम हो जाये और कारोबार करने में आने वाली परेशानियों को भी दूर किया जा सके.



