
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन और टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी जुस्को (अब टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड नाम) के अधिकारियों के बीच अहम बैठक हुई. इस दौरान कई सारे मुद्दों पर चर्चा की गयी जबकि मुख्य तौर पर टाटा स्टील के कर्मचारियों के क्वार्टरों का रिपेयरिंग काम नहीं होने का मुद्दा यूनियन की ओर से उठाया गया. इस बैठक में मुख्य रुप से टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय मौजूद थे जबकि जुस्को की ओर से एमडी तरुण डागा और सीनियर जीएम कैप्टन धनंजय मिश्रा मौजूद थे. यह बैठक ऑनलाइन ही आयोजित हुई. इस दौरान जुस्को ने साफ कर दिया गया कि अभी दिसंबर तक किसी तरह का कोई भी क्वार्टरों के रिपेयरिंग का काम नहीं होगा. किसी तरह का कोई ड्यू डेकोरेशन जॉब (डीडीजे), न्यू डेकोरेशन जॉब (एनडीजे) के साथ टाइम रिपेयरिंग मेंटेनेंस (टीआरएम जॉब) नहीं होगा. इसके लिए कोई भी नया काम अभी दिसंबर तक जुस्को नहीं लेगी. जो काम सेफ्टी से संबंधित है यानी किसी से दुर्घटना घट सकती है या इस तरह के काम, वह जुस्को क्वार्टरों में करेगी. इसके अलावा जो काम अधूरा रह गया है, उसका काम फिर से इस माह के अंत तक शुरू कर दिया जायेगा जबकि जो काम काफी जरूरी है, वहीं काम होगा, इसके अलावा कोई काम नहीं होगा. इस बैठक के दौरान यूनियन की ओर से कहा गया कि मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिसमें तय किया गया कि कोरोना को देखते हुए अभी यह छिड़काव बंद था, जिसको फिर से शुरू कर दिया जायेगा. इस माह में ही सभी इलाकों में मच्छरों को रोकने के लिए फॉगिंग शुरू कर दी जायेगी.




