
जमशेदपुर : टाटा स्टील के निबंधित श्रमिक पुत्र-पुत्रियों के साथ साथ सेवानिवृत कर्मचारियों ने मंगलवार को टाटा स्टील के वीपी एचआरएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा. टाटा स्टील जेनरल ऑफिस जाकर टाटा स्टील मैनेजमेंट का इन लोगों ने पक्ष जानना चाहा, जिसमें निबंधितो के साथ टाटा स्टील की सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रभा राय, बीएन शर्मा भी मौजूद थे. टाटा स्टील मैनेजमेंट की ओर से टी रंजन ने ज्ञापन लिया. केवल इतना कहा कि उनकी बात टाटा स्टील के एमडी तक पहुंचा दी जाएगी. टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने कहा कि जब उनकी मुलाकात टाटा वर्कस यूनियन के पूर्व अध्यक्ष आर रवि प्रसाद से वर्ष 2020-2021 में मुलाकात हुई थी तब अध्यक्ष ने उनको बताया था कि ” टाटा स्टील मैनजमेंट अब एक रेजिस्ट्रेशन एक नौकरी के तहत निबंधितो को रोजगार देने जा रही है, इसलिए एक स्पेशल ड्राइव चलाकर निबंधितो की बहाली होगी, जिसमे निबंधितो के रजिस्ट्रेशन को उनकी सीनियरटी का आधार बनाकर बहाली प्रारंभ होगी. इसमे जो भी निबंधितो की उम्र अधिक हो गईं है, वे अपना रजिस्ट्रेशन अपने बेटे या बेटी जिसको वो चाहे दे सकते है, जिसको लेकर दिसम्बर 2020 को भी वीपी एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी और टाटा वर्कस यूनियन ने समझौता कर लिया था. निबंधितो की यह नियोजन प्रक्रिया फाइनेंशियल ईयर 2020-21 से शुरू हो जानी थी पर वर्तमान वीपी एचआरएम और टाटा वर्कस यूनियन अपने निजी स्वार्थ के लिए इसको शुरू नही करवा रहे है.” निबंधितो की इस बहाली में हुए विलंब और लिखित परीक्षा में हुए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार एक ही बात की ओर इशारा कर रही हैं कि अब टाटा स्टील मैनेजमेंट और टाटा वर्कस यूनियन में नैतिकता का स्थान लालच ने ले लिया है. अगर सच पूछा जाए तो ये बहाली निबंधित पुत्र और पुत्री के लिए नही थी, ये बहाली केवल टाटा स्टील मैनेजमेंट और टाटा वर्कर्स यूनियन के पुत्र-पुत्रियों के लिए थी इसलिए सभी टाटा स्टील के सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) कर्मचारियों ने अब निर्णय ले लिया है कि रामनवमी तक अगर टाटा स्टील मैनेजमेंट की ओर से कोई ठोस कदम निबंधितो के नियोजन के लिए नही उठाया जाता है तो रामनवमी खत्म होने के बाद, टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारियो के पास अनशन करने के अलावा और कोई दूसरा विकल्प नही रह जाएगा. टाटा स्टील के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने कहा कि जिस जमशेद जी टाटा को आज भी भगवान की तरह हम पूजते है, उनकी ही इस पुण्य स्थल पर उनके ही सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आज अनशन करना पड़ेगा ये सोच कर भी आत्मा कांप जाता है. ज्ञापन देने वालों में प्रभा राय, बीएन शर्मा, तुलसी कुमारी, नीलम कुमारी, सीमा कुमारी, संतोष ओझा, रवि समेत अन्य लोग शामिल थे.





