
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 7 में पार्कीडीह में भूमि विवाद में 3 लोगों ने मिलकर एक वृद्ध मंगल सिंह के साथ मारपीट की है. मंगल सिंह के सिर पर और सीने में काफी चोट आई है. घटना की जानकारी मिलने पर मंगल सिंह की बेटी जमुना घर पहुंची और मंगल सिंह को इलाज के लिए साकची के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया. घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है. मंगल सिंह की बेटी जमुना ने बताया कि उनके नाना ने रोशन कुजुर की नानी से बिरसानगर में 2 कट्ठा जमीन खरीदी थी. कुछ दिन पहले मंगल सिंह के बड़े भाई बीमार पड़े थे. उनके इलाज के लिए उन्होंने यह जमीन बेच दी थी. रोशन कुजुर ने मंगल सिंह से आठ लाख रुपए की मांग की और बोला कि जमीन नहीं दोगे तो जमीन नहीं बेचने देंगे. मंगल सिंह ने रुपया देने से इंकार कर दिया तो रोशन कुजूर ने जमीन खरीदने वाले पर दबाव डालकर जमीन वापस करवा दिया. अब किसी दूसरे को जमीन बेच रहे हैं तो रोशन कुजूर जमीन नहीं बेचना दे रहा है. गुलशन कुछ और जमीन हड़पना चाहता है. बताते हैं कि इसको लेकर रोशन कुजूर मंगल सिंह के साथ पहले भी मारपीट कर चुका है. जमुना ने बताया कि मंगलवार की दोपहर मंगल सिंह घर में अकेले थे. तभी रोशन कुजूर अपने एक साथी ललित केरकेट्टा के साथ घर में आया और घर में घुसकर मंगल सिंह के साथ मारपीट की. जमुना ने बताया कि रोशन कुजूर ने धमकी दी है कि अगर उसे 8 लाख नहीं मिलेंगे तो वह जमीन नहीं बेचने देगा. साथ ही उसने जान से मारने की भी धमकी दी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.





