जमशेदपुर : टाटा स्टील ने टाटा कलर्स (पहले टाटा ब्लूस्कोप) का शत प्रतिशत टेकओवर कर लिया है. कंपनी की ओर से इसकी जानकारी एनएसइ और बीएसई को दी है. अपने फाइलिंग में कंपनी ने जानकारी दी है कि अपनी ही सब्सिडियरी कंपनी में 100 फीसदी की हिस्सेदारी हासिल कर ली है. इससे पहले कंपनी के पास पहले ही 99.99 फीसदी की हिस्सेदारी थी. यह एग्रीमेंट 12 नवंबर 2025 की तारीख वाले शेयर खरीद समझौते की शर्तों के तहत किया गया था. टाटा स्टील ने अपने फाइलिंग को दी जानकारी में कहा कि टाटा स्टील लिमिटेड ने 9 अप्रैल 2026 को, अपनी सहायक कंपनी टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड (टीएससीपीएल) में बचे हुए 10000 इक्विटी शेयरों (0.01 फीसदी शेयर होल्डिंग) का अधिग्रहण पूरा कर लिया है. (नीचे भी पढ़ें)
इन शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर है और इनका अधिग्रहण ब्लूस्कोप स्टील एशिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड से 0.03 करोड़ रुपये में किया गया है. कंपनी ने कहा है कि यह अधिग्रहण 12 नवंबर 2025 को निष्पादित शेयर खरीद समझौते के नियमों और शर्तों के अनुसार किया गया है. इस लेनदेन के बाद, टीएससीपीएल में कंपनी की शेयर होल्डिंग 99.99 फीसदी से बढ़कर 100 फीसदी हो गई है, और तदनुसार, टीएससीपीएल अब कंपनी की एक अप्रत्यक्ष पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बन गई है.



