जमशेदपुर : टाटा स्टील की टाउन एडवाइजरी कमेटी की बैठक बुधवार को हुई. टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) के बोर्ड रुम में शाम 4.30 बजे से 7 बजे तक हुई बैठक में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम, टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी अतुल भटनागर, टाटा स्टील यूआइएसएल के सीनियर जीएम आरके सिंह, टाउन एडवाइजरी कमेटी के वाइस चेयरमैन और टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, मोहन सिंह, संतोष पांडेय, अजय मिश्रा, संजय कुमार पांडेय, संजय कुमार सिंह और विकास दास उपस्थित थे. बैठक में टाउनशिप क्षेत्र में टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा संचालित विभिन्न विकास एवं जनहितकारी कार्यों की समीक्षा की गई. कमेटी ने सड़क एवं पार्किंग अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की सराहना की. विशेष रूप से कदमा गणेश पूजा मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों से अवैध पार्किंग हटाने की कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए इस अभियान को लगातार जारी रखने पर सहमति बनी. कमेटी के अनुरोध पर बिष्टुपुर जी टाउन क्लब मैदान में अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. (नीचे भी पढ़े)
बैठक में नागरिकों से अपील की गई कि वे विशेषकर फ्लैट क्षेत्रों में गैल (गेल) गैस कनेक्शन को अपनाएं, क्योंकि कुछ लोगों द्वारा कनेक्शन नहीं लेने से अन्य निवासियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है. शीघ्र ही कदमा इसीसी फ्लैट क्षेत्र में यह कार्य प्रारंभ होने जा रहा है. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसी भी प्रकार के अतिक्रमण की सूचना नागरिक टाटा स्टील यूआइएसएल (जुस्को) के हेल्पलाइन 6646000 पर दे सकते हैं, जिस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी. बिजली कनेक्शन प्रदान करने में हो रही देरी को भी गंभीरता से लेते हुए प्रक्रिया को और तेज करने का अनुरोध किया गया. टाउनशिप के विभिन्न फ्लैटों में चल रहे मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई. साथ ही जिन आवासों में बाहरी मरम्मत की आवश्यकता है, वहां भी चरणबद्ध तरीके से कार्य कराने की जानकारी दी गई. साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से बिष्टुपुर क्षेत्र में सफाई कार्य की आवृत्ति बढ़ाकर सप्ताह में दो से तीन बार करने का निर्णय लिया गया. साकची बाराद्वारी सुपरवाइजर फ्लैट क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान तथा एग्रिको वर्कर्स फ्लैट क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए प्रकाश व्यवस्था एवं नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है. बैठक में बिष्टुपुर क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया. (नीचे भी पढ़े)
यह पाया गया कि उपलब्ध पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के बजाय कई लोग सड़क किनारे एवं आवासों के सामने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है. ऐसे मामलों में आवश्यक कार्रवाई एवं वाहनों को टो (क्रेन से उठाव) करने पर विचार किया गया. बिष्टुपुर एम रोड स्थित पार्किंग परिसर में शाम के समय असामाजिक एवं नशाखोरी संबंधी गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वहां नियमित गश्त बढ़ाने का निर्णय लिया गया, ताकि स्थानीय निवासियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके. इसके अतिरिक्त, बर्मामाइंस मैदान का उपयोग व्यावसायिक वाहनों की पार्किंग के लिए करने, सिदगोड़ा स्थित नेचर ट्रेल पार्क को शाम 8 बजे तक खुला रखने, न्यू बारीडीह से टिनप्लेट तक सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर स्थानांतरित करने, टिनप्लेट कंपनी के प्रवेश मार्ग को सुरक्षा कारणों से बंद करने तथा केबल कंपनी गेट से ट्यूब डिवीजन गेट तक सड़क सुधार एवं अतिक्रमण मुक्त करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बारीडीह के बहुत सारे पुराने घरों में पेड़ उग आया है. उसे भी हटाने का उपाय किया जाना चाहिए. एम टाइप में काम किया गया है. इसके बाद डीएस फ़्लैट में भी किया जाएगा. यह बताया गया कि दो अलग-अलग टास्क फोर्स जेएनएसी और टाटा स्टील यूआइएसएल का मिलकर भी गठन किया गया है. (नीचे भी पढ़े)
एक पूर्वी क्षेत्र के लिए और दूसरा पश्चिमी क्षेत्र के लिए, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि रोड के किनारे किसी भी तरह का अवैध पार्किंग और ठेला फल और किसी तरह का दुकान लगाकर आम नागरिकों को परेशानी में नहीं डालें. बैठक में टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) की ओपीडी बुकिंग प्रणाली से संबंधित समस्याओं को भी उठाया गया. बैठक में बताया कि बुकिंग के समय के अनुरूप चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं होने के कारण उन्हें ड्यूटी से अतिरिक्त समय निकालना पड़ता है. इस विषय पर बुकिंग स्लॉट और चिकित्सकों की उपस्थिति के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई. सड़क किनारे अवैध पार्किंग, ठेला एवं अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जुस्को एवं संबंधित प्रशासनिक इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में दो अलग-अलग टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय लिया गया है. एक टास्क फोर्स पूर्वी क्षेत्र तथा दूसरी पश्चिमी क्षेत्र में कार्य करेगी। इनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अथवा अवैध गतिविधि आम नागरिकों के आवागमन एवं सुरक्षा में बाधा न बने. टाउन एडवाइजरी कमेटी ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित टाउनशिप के निर्माण में सक्रिय सहयोग करें.







