
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव में पूर्व अध्यक्ष पीएन सिंह और पूर्व उपाध्यक्ष भाष्कर राव खुद चुनावी दंगल में उतर गये है. इन लोगों ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और कहा कि वे लोग चुनाव मैदान में है. अगर कमेटी मेंबर मजबूत यूनियन बनाना चाहते है तो वे लोग उनका को-ऑप्सन कर सकते है. को-ऑप्सन का ऑप्सन कमेटी मेंबरों के पास है क्योंकि वर्तमान में यूनियन ने हमेशा मजदूरों को नुकसान पहुंचाया है और मजबूर यूनियन बनाकर मजदूरों का नुकसान करने के बजाय मजबूत यूनियन बनाने की दिशा में वे लोग चाहते है कि कमेटी मेंबर आगे बढ़े.
इन लोगों ने बताया कि चुनाव पारदर्शी तरीके से नहीं कराया जा रहा है. गलत तरीके से पूरी चुनावी प्रक्रिया अपनायी जा रही है. इस चुनाव को सरकार के स्तर पर मोनिटरिंग कर कराने की जरूरत है. इस तरह का चुनाव कराना गलत है और यूनियन में लोकतंत्र को मौत के घाट उतारने की कोशिश हो रही है. इन लोगों ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव लड़ने का अधिकार सबको है.
टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव में जो भी लोग भाग ले रहे है, उन्हें बताना चाहिए कि पिछले छह साल में उन्होंने मजदूरों के लिए क्या काम किया है और मजदूरों को कितना फायदा और कितना नुकसान पहुंचाया है. सिर्फ नेता बनने के लिए चुनाव लड़ रहे है तो मजदूर समझे कि उन्हें क्यों वोट दिया जाये. पिछले दो चुनाव से को-ऑप्सन के पक्ष में 92 से 100 के करीब वोट कमेटी मेंबर डालते रहे हैं, वैसे में उन कमेटी मेंबरों के पक्ष में खड़ा रहना हमारा दायित्व है. उन्होंने हमेशा मजदूरों के हितों के लिए लड़ते रहे है. पीएन सिंह ने कहा कि आज वर्तमान यूनियन नेतृत्व से मजदूर अपने आपको ठगा महसूस करर हा है.
आज टाटा वर्कर्स यूनियन को सही नेतृत्व की जरूरत है. पिछले छह साल से वर्तमान नेतृत्व ने मजदूरों को नुकसान पहुंचाया है. मेडिकल एक्सटेंशन बंद कराया, डीए फ्रिज कराया, एनएस ग्रेड के कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं कराया गया, अप्रेंटिस और जेट की बहाली रोक दी गयी, नयी पेंशन योजना के तहत बढ़ी हुई रकम नहीं मिला और जॉब आउटसोर्स करा दिया गया. मजदूरों के हितों के विरोध में कई समझौते किये गये, उनकी सुविधाओं में कटौती की गयी है. उन्होंने कहा कि यूनियन मजदूरों को सुविधा दिलाने और उनके हितों की रक्षा के लिए होती है. जिन सुविधाओं में कटौती की गयी है, सभी जानते हैं. मजदूरों को वैसे नेताओं को डिपार्टमेंट में ही पराजित करना चाहिए.





