
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन की मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है. मतदाता सूची के प्रकाशन पर आपत्तियां आमंत्रित की गयी है. इसको लेकर आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. इस बीच सत्ता पक्ष के अध्यक्ष पद के दावेदार अरविंद पांडेय और उनकी टीम ने संवाददाता सम्मेलन कर मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी होने का आरोप लगाया है और कहा गया है कि आनन फानन में सीटें बनायी गयी है, आनन-फानन में मतदाता सूची बना दिया और पहले 20 दिनों में जो चुनाव होता था, वह चुनाव आज 11 दिनों में ही करा दिया जा रहा है. ऐसी क्या अदृश्य शक्ति है, जो ऐसा चुनाव करा रहा है.
ऐसे चुनाव कराने वाले की मंशा को रोकने की जरूरत है. चुनाव पदाधिकारकी से यह मांग की गयी है कि तत्काल चुनावी कार्यक्रम को बदला जाये और संविधान के मुताबिक, 26 फरवरी के पहले तक चुनाव करा लिया जाये. ऐसी क्या हड़बड़ी है कि 31 जनवरी यानी 11 दिनों में ही सारा कुछ तय कर दिया गया. प्रत्याशियों को समय तक नहीं दिया गया है. पिकनिक के मौसम में रविवार को चुनाव कराया जा रहा है. शादी विवाह के वक्त में ऐसा किया जा रहा है. 12 हजार मजदूरों के वोटर लिस्ट में गड़बड़ी ही गड़बड़ी है.
इसको दूर करने की जरूरत है. इन लोगों ने कहा है कि अब वे लोग इस मसले को और तेजी से उठाने जा रहे है ताकि सारे कमेटी मेंबरों और प्रत्याशियों के साथ न्याय हो सके. चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह ने कहा है कि मतदाता सूची का प्रकाशन किया जा चुका है. इस पर आपत्तियां आ रही है. जो वाजिब आपत्तियां है, उन सारे आपत्तियों को दूर कर दिया जायेगा. इसमें किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है.







