
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह ने इंटक के राष्ट्रीय सचिव डॉ जी संजीवा रेड्डी से मुलाकात की. हैदराबाद में यह मुलाकात उनके आवास पर हुई. इस दौरान कर्मचारियों, मजदूरों और देश स्तर पर होने वाले मजदूर विरोधी फैसलों को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. इस दौरान इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष से यह मांग की गयी कि परक्विजिट टैक्स समेत कई सारे टैक्स कर्मचारियों पर लाद दिये गये है, जिस कराण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इस तरह के नये टैक्स, पीएफ पर ब्याज दर को घटाने जैसे मजदूर विरोधी फैसलें का विरोध करने की मांग की. इस दौरान इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने टाटा वर्कर्स यूनियन की स्थिति पर जानकारी ली और पूछा कि किस तरह से यूनियन चल रहा है. अगर कहीं से भी आपसी विवाद है तो उस विवाद को भी दूर करने की सलाह इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जी संजीवा रेड्डी ने कही. श्री रेड्डी ने कहा कि अगर बिखराव होगा तो मजदूरों को नुकसान होगा, यूनियन को नुकसान होगा. सबको साथ जोड़कर यूनियन का संचालन करें. यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने कहा कि यह बहुत बेहतर मुलाकात रही और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई है.





