
जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 के पास ट्रेन की चपेट में आकर एक अज्ञात युवक की मौत हो गई. युवक की उम्र करीब 35 वर्ष बतायी जा रही है. राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. युवक कौन था, कहां से आया था, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है. जानकारी के अनुसार पांच नंबर प्लेटफार्म के पास रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान युवक ट्रेन की चपेट में आ गया. ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. जानकारी मिलते ही जीआरपी घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी यदु साहू ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है न ही शव के पास से किसी तरह का कोई पहचान पत्र बरामद हुआ है. उन्होंने बताया शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.












