
जमशेदपुर : हुतात्माओं के बलिदान की परम्परा युवाओं के जीवन के लिए प्रेरणा है और वीर शहीद गणेश हांसदा लौहनगरी की इसी परंपरा के ध्वजवाहक हैं। यह बात पूर्व सैनिक सेवा परिषद जमशेदपुर की टीम ने शहीद गणेश हांसदा को उनके गांव में श्रद्धांजलि देते हुए कही। शुक्रवार को प्रातः से ही जमशेदपुर से पहुंची 15 सदस्यी टीम का नेतृव कारगिल युद्धवर हवलदार विनय कुमार यादव ने किया। कारगिल वीर सूबेदार कृष्णमोहन सिंह ने कहा कि गलवान घाटी का खून उस गांव के लिए इतिहास का एक पन्ना हो जाएगा।

टीम ने कहा कि जरूरत इस बात की होगी कि शहीद परिवार को सेना प्रशासन और देशभक्त समाज यथोचित सम्मान और सहयोग प्रदान करे। पूर्व सैनिक सेवा परिषद के ही घाटशिला निवासी हवलदार पंकज महती ने कहा कि संगठन यह तय करे कि शहीद परिवार को उनका हक समय से मिल सके, जिससे इस गांव के तरुणों में सेना में जाने का उत्साहवर्धन हो सके। टीम में श्रद्धांजलि देने वालों में विनय कुमार यादव के साथ कृष्णमोहन सिंह, जितेंद्र सिंह, विष्णुदेव प्रसाद, नवीन कुमार सिन्हा, डी पांडेय, पंकज शर्मा, सत्यप्रकाश, चंदन कुमार झा, राजेश कुमार, अजय सिंह, पंकज महतो व करण चंद्रा शामिल थे।







