
जमशेदपुर : टाटा स्टील की गम्हरिया स्थित कंपनी टिस्को ग्रोथ शॉप (टीजीएस) में राकेश्वर पांडेय को हटाकर अध्यक्ष बने शिवलखन सिंह को मैनेजमेंट काा साथ मिला है. टिस्को ग्रोथ शॉप की अधीकृत यूनियन टिस्को मजदूर यूनियन का पिछले दिनों शिवलखन सिंह अध्यक्ष बन गये थे, जिसका विरोध राकेश्वर पांडेय और अन्य लोगों ने किया था. दरअसल, एक फरवरी 2020 से राकेश्वर पांडेय रिटायर हो गये, जिस कारण उनको यूनियन से संविधान का हवाला देते हुए बाहर कर दिया गया और राकेश्वर पांडेय की ही कमेटी में महामंत्री रहे शिवलखन सिंह खुद अध्यक्ष बन गये थे. इस प्रक्रिया को राकेश्वर पांडेय ने गलत बताते हुए इसको चुनौती दी थी. लेकिन सोमवार को उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए शिवलखन सिंह को मैनेजमेंट ने अध्यक्ष बताकर आमंत्रण पत्र दिया, जबकि राकेश्वर पांडेय को ऐसा कोई आमंत्रण नहीं मिला. शिवलखन सिंह को ही टिस्को मजदूर यूनियन का अध्यक्ष बताकर उनको आमंत्रित किया गया है. इस आमंत्रण को मैनेजमेंट की ओर से दिया गया है, जिससे साफ हो गया है कि यूनियन शिवलखन सिंह को ही मान्यता मिलेगी.






